Breaking
Fri. Mar 13th, 2026

चांडिल में गैस सिलेंडर से लदा ट्रक पलटा, बड़ा हादसा टला

चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। टाटा–पुरुलिया रोड पर पाथरडीह के पास रसोई गैस सिलेंडरों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। घटना सुबह करीब सात बजे की बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार ट्रक गम्हरिया थाना मोड़ स्थित इंडेन गैस फिलिंग सेंटर से करीब 360 घरेलू गैस सिलेंडर लोड कर पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के कोटशिला की ओर जा रहा था। इसी दौरान पाथरडीह के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से उतरकर खेत में पलट गया।

ट्रक चालक सुकुमार सिंह ने बताया कि वह रात में भोजन करने के बाद पाथरडीह के पास कुछ देर आराम करने के लिए रुके थे। सुबह जब उन्होंने फिर से वाहन चलाना शुरू किया तो अचानक ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खेत में जा पलटा।

घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। थाना प्रभारी संतन तिवारी ने बताया कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस की मौजूदगी में ट्रक से सभी गैस सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

ट्रक में बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर लदे होने के कारण आसपास के लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। हालांकि किसी भी सिलेंडर में विस्फोट नहीं हुआ, जिससे एक बड़ी दुर्घटना होने से टल गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Post