चाईबासा : देश में गैस और पेट्रोल को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच चाईबासा में रसोई गैस की स्थिति फिलहाल सामान्य बनी हुई है। गैस उपभोक्ताओं, पायनियर गैस एजेंसी संचालकों और होटल मालिकों से बातचीत में यह जानकारी सामने आई है।
घरेलू गैस उपभोक्ताओं का कहना है कि शहर में गैस की आपूर्ति जारी है, हालांकि पहले की तुलना में डिलीवरी में थोड़ा अधिक समय लग रहा है। उपभोक्ताओं के अनुसार अभी तक गैस को लेकर कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आई है और जरूरत के अनुसार सिलेंडर मिल रहा है, लेकिन कुछ दिन इंतजार करना पड़ रहा है।
कुछ उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्हें मोबाइल पर मैसेज भी मिल रहा है कि अफवाहों पर ध्यान न दें। इसके बावजूद दुनिया में विभिन्न देशों के बीच चल रही लड़ाइयों की चर्चाओं के कारण लोग एहतियात के तौर पर घर में एक-दो अतिरिक्त सिलेंडर रखने की कोशिश कर रहे हैं।
पायनियर गैस एजेंसी संचालकों ने बताया कि जब से दुनिया के दो देशों के बीच युद्ध की स्थिति बनी है, तब से देशभर में गैस और पेट्रोल को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। इसी बीच सरकार की ओर से कुछ निर्देश जारी किए गए हैं। एजेंसी संचालकों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराने से बचने की अपील की है।
एजेंसी के अनुसार फिलहाल घरेलू गैस उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देते हुए गैस की आपूर्ति की जा रही है, जबकि व्यावसायिक गैस की आपूर्ति पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। पहले घरेलू उपभोक्ताओं को एक महीने में दो सिलेंडर बुक करने की अनुमति थी, लेकिन अब एक महीने में केवल एक ही सिलेंडर बुक किया जा सकता है।
एजेंसी संचालकों ने बताया कि गैस को लेकर चल रही चर्चाओं के कारण बुकिंग में भी बढ़ोतरी हुई है। पहले प्रतिदिन लगभग 300 सिलेंडर की बुकिंग होती थी, जो अब बढ़कर करीब 500 तक पहुंच गई है। बुकिंग बढ़ने के कारण होम डिलीवरी में देरी हो रही है। पहले जहां सिलेंडर तीन दिनों में मिल जाता था, वहीं अब करीब पांच दिन लग रहे हैं।
वहीं होटल संचालकों का कहना है कि व्यावसायिक गैस की आपूर्ति बंद होने से उनके व्यवसाय पर असर पड़ रहा है।
होटल मालिकों के अनुसार वे फिलहाल गैस का उपयोग संभलकर कर रहे हैं और नए व्यंजन बनाने से भी परहेज कर रहे हैं, ताकि उपलब्ध गैस से काम चलाया जा सके।

