जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से आपराधिक मामलों में कुख्यात और जिला निष्कासित (तड़ीपार) घोषित महिला अपराधी प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आधी रात को छापेमारी कर उसे उसके पैतृक घर से दबोच लिया। गिरफ्तार महिला के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस को 10 मार्च की रात करीब 10 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि सोनारी थाना क्षेत्र के ग्वाला बस्ती स्थित सुनील सिंह के घर में कुछ अपराधी एकत्रित हुए हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सोनारी थाना में सनहा संख्या 27 दिनांक 10 मार्च 2026 दर्ज किया गया और इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक मु०-02 मनोज कुमार ठाकुर के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने मध्यरात्रि में ग्वाला बस्ती में दबिश दी। स्थानीय लोगों से गुप्त रूप से जानकारी मिली कि कुछ संदिग्ध लोग वहां मौजूद थे, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वे मौके से फरार हो गए।
इसके बाद पुलिस ने सुनील सिंह के घर की तलाशी ली, जहां कुख्यात अपराधी प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन अचानक मौजूद मिली। वह सुनील सिंह की पुत्री है और सोनारी थाना क्षेत्र के ग्वाला बस्ती की निवासी है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ कई आपराधिक मामलों में आरोप पत्र दाखिल हो चुके हैं और वह कई बार जेल भी जा चुकी है।
जिला प्रशासन द्वारा उसके खिलाफ जिला निष्कासन (तड़ीपार) का आदेश भी जारी किया गया था। इसके बावजूद वह बिना किसी वैध अनुमति के चोरी-छिपे अपने पैतृक घर में रह रही थी। पूछताछ के दौरान वह कोई वैध अनुमति संबंधी दस्तावेज नहीं दिखा सकी और उसने स्वीकार किया कि तड़ीपार होने के बावजूद वह सोनारी क्षेत्र में ही रह रही थी।
झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम 2002 की धारा 25 के तहत जिला निष्कासन आदेश के बावजूद प्रतिबंधित क्षेत्र में रहना संज्ञेय और दंडनीय अपराध है। इसके आधार पर महिला पुलिस की सहायता से उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया और सोनारी थाना कांड संख्या 20/2026 दिनांक 11 मार्च 2026 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन के खिलाफ वर्ष 2017 से 2022 के बीच सोनारी थाना में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें रंगदारी मांगना, लूटपाट करना, आग्नेयास्त्र से हमला करना, जान से मारने की नीयत से मारपीट करना और अपने गिरोह के साथ इलाके में दहशत फैलाना जैसे आरोप शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि वह “चटनी गिरोह” की सरगना है और अपने गुर्गों के साथ मिलकर इलाके में अपराध के जरिए वर्चस्व कायम करने की कोशिश करती रही है।
इस छापेमारी अभियान में पुलिस उपाधीक्षक मु०-02 मनोज कुमार ठाकुर, सोनारी थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक मधुसूदन दे, पु०अ०नि० शिवम् राज, स०अ०नि० संजय सिंह, स०अ०नि० उमेश सिंह, स०अ०नि० जिरेन कच्छप, स०अ०नि० सिकंदर राम के अलावा सशस्त्र बल और महिला आरक्षी भी शामिल थे।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और फरार अन्य संदिग्ध अपराधियों की तलाश जारी है।
बाइट – कुमार शिवाशिष, सिटी एसपी, जमशेदपुर

