Breaking
Thu. Apr 9th, 2026

जंगली हाथी के हमले से दुधमुंही बच्ची की मौत, मां घायल; गांव में दहशत

गुमला:* गुमला जिले के भरनो प्रखंड के करंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सरगांव पतराटोली गांव में बीती रात जंगली हाथी के हमले से एक दर्दनाक घटना सामने आई। हाथी ने गांव निवासी चंदन उरांव के घर की दीवार तोड़ दी, जिससे घर में सो रही उनकी दुधमुंही बच्ची मलबे में दब गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्ची की मां घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार, घटना के समय चंदन उरांव की पत्नी अपने दो बच्चों के साथ घर में सो रही थी। अचानक हाथी द्वारा घर तोड़े जाने की आवाज सुनकर वह अपने पांच साल के बेटे को लेकर बाहर भागने में सफल रही, लेकिन दुधमुंही बेटी मलबे में दब गई। घटना के दौरान महिला भी घायल हो गई। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही डुडीया पंचायत की मुखिया रश्मि लकड़ा ने करंज थाना और वन विभाग को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम रात में ही मौके पर पहुंची और घायल महिला व परिजनों को तत्काल सहायता के रूप में 10 हजार रुपये प्रदान किए।

वनपाल शेखर सिंह ने बताया कि मृतक बच्ची के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही क्षेत्र में घूम रहे हाथी को भगाने के लिए टीम को बुलाया जा रहा है और ग्रामीणों को लगातार सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

हाथी के हमले के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है। ग्रामीण रातभर जागकर पहरा दे रहे हैं। वन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि रात के समय अकेले बाहर न निकलें और बच्चों को सुरक्षित स्थान पर रखें, ताकि ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।

Related Post