Breaking
Tue. Mar 10th, 2026

खेत से युवक का शव मिलने से सनसनी, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

पलामू। जिले के हुसैनाबाद प्रखंड के अलीनगर गांव में मंगलवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने एक युवक का शव खेत में पड़ा देखा। शव मिलने की खबर गांव और आसपास के इलाके में तेजी से फैल गई, जिसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए।

मृतक की पहचान बेल बिगहा पंचायत के पोखरापर निवासी रामबिलास पासवान के 25 वर्षीय पुत्र संजय पासवान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संजय अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और बचपन से ही अलीनगर स्थित अपने ननिहाल में रहकर जीवनयापन कर रहा था।

संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। घर के इकलौते बेटे की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है और लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

घटना की सूचना मिलने के बाद हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और युवक की मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Related Post