Breaking
Tue. Mar 10th, 2026

कोल्हान में बढ़ते अपराध पर सख्त हुए डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, जमशेदपुर में की अपराध समीक्षा बैठक

जमशेदपुर। कोल्हान क्षेत्र में बढ़ते अपराध और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करने के लिए कोल्हान प्रक्षेत्र के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा मंगलवार को जमशेदपुर पहुंचे। उनके जमशेदपुर आगमन पर पुलिस केंद्र में पुलिस अधिकारियों और जवानों द्वारा औपचारिक रूप से गार्ड ऑफ ऑनर देकर स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ विस्तृत अपराध समीक्षा बैठक की।

शहर स्थित पुलिस कार्यालय में आयोजित इस उच्चस्तरीय बैठक में पूर्वी सिंहभूम जिले के एसएसपी पीयूष पांडेय, सिटी कुमार शिवा आशीष एसपी, ग्रामीण एसपी ऋषिभ गर्ग, सभी डीएसपी, थाना प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं, लंबित मामलों की स्थिति, अपराध नियंत्रण के उपाय, पुलिस गश्त व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस को और अधिक सतर्कता और सक्रियता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने चोरी, लूट, छिनतई, वाहन चोरी और संगठित अपराध से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। साथ ही आपराधिक गतिविधियों में शामिल असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा।

उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से गश्त बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही आम नागरिकों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने और पुलिस की जनसहभागिता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया, ताकि लोग बिना भय के पुलिस को सूचना दे सकें।

बैठक में लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन, पुराने मामलों की समीक्षा, फरार वारंटियों की गिरफ्तारी और अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने पर भी चर्चा हुई। डीआईजी ने अधिकारियों से कहा कि सभी लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष चर्चा की गई। डीआईजी ने निर्देश दिया कि पर्व-त्योहार के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों, धार्मिक स्थलों और प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। इसके अलावा ट्रैफिक प्रबंधन को भी सुदृढ़ बनाने और जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रभावी योजना बनाने को कहा गया।

उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करना और कानून-व्यवस्था को हर हाल में बनाए रखना है। इसके लिए सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा। डीआईजी ने भरोसा दिलाया कि कोल्हान क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और बेहतर कानून-व्यवस्था के लिए पुलिस पूरी तत्परता के साथ काम कर रही है।

Related Post