बोकारो । जिले के पिंडाजोरा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक सड़क हादसे में हरिपद मोदी की मृत्यु हो गई। वे अपने पिता की अस्थियां विसर्जित करने के लिए दामोदर नदी जा रहे थे। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजे की मांग की।
काशीझरिया पंचायत के उपमुखिया सुजीत बावरी ने बताया कि कुर्रा गांव निवासी हरिपद मोदी के पिता जग्गू मोदी का हाल ही में निधन हुआ था। सोमवार सुबह हरिपद मोदी अपने परिजनों के साथ दामोदर नदी में अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे थे।
कुर्रा मोड़ के पास सड़क पार करते समय बोकारो से पुरुलिया की ओर जा रहे एक टेलर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हरिपद मोदी की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही पिंडाजोरा थाना प्रभारी अभिषेक रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया और काफी मशक्कत के बाद सड़क जाम खुलवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने हादसे के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है, ताकि दुर्घटना में शामिल अज्ञात टेलर वाहन की पहचान की जा सके। थाना प्रभारी अभिषेक रंजन ने बताया कि मामले की जांच जारी है और वाहन चालक की पहचान होने पर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से मृतक के परिवार में गहरा शोक है।

