जमशेदपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मानगो स्थित सहारा सिटी कम्युनिटी हॉल में नारी शक्ति के सम्मान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समाजसेवी उपेंद्र सिंह मस्तान की पहल पर आयोजित महिला सम्मान समारोह में मानगो नगर निगम की पहली मेयर सुधा गुप्ता समेत हाल ही में निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद मेयर सुधा गुप्ता ने मानगो के विकास को लेकर अपना विजन साझा किया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य मानगो को स्वच्छ, सुरक्षित और समृद्ध बनाना है। इस दौरान उन्होंने झारखंड सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मानगो नगर निगम को महिला आरक्षित सीट घोषित किया जाना महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महिला पुलिस की तैनाती की जाएगी, ताकि महिलाओं को भयमुक्त वातावरण मिल सके।
मेयर ने कहा कि आज की महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आज की महिला देश की सरहद की रक्षा से लेकर अंतरिक्ष यान उड़ाने तक में सक्षम है और देश के विकास में आधी आबादी की भागीदारी बराबरी से बढ़ रही है। उन्होंने मानगो की महिलाओं को शिक्षा और स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का संकल्प भी दोहराया।
इस अवसर पर झारखंड सरकार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के लिए समाज में हो रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की भागीदारी से समाज और राजनीति दोनों को नई दिशा मिलती है।
कार्यक्रम के आयोजक समाजसेवी उपेंद्र सिंह मस्तान ने सभी महिला जनप्रतिनिधियों को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि मानगो के विकास में महिलाओं का नेतृत्व एक सकारात्मक बदलाव का संकेत है। ऐसे आयोजनों से समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और जागरूकता का संदेश जाता है।
समारोह में कांग्रेस पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और सहारा सिटी सहित पूरे मानगो क्षेत्र से बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं। कार्यक्रम का माहौल उत्साह और सम्मान से भरा रहा।

