Breaking
Mon. Mar 9th, 2026

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर बिष्टुपुर चैंबर में महिला सम्मान समारोह आयोजित

जमशेदपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार अपराध रोधी संगठन की ओर से रविवार को बिष्टुपुर स्थित चैंबर ऑफ कॉमर्स भवन में महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन की झारखंड प्रदेश अध्यक्ष अर्चना सिंह ने की, जबकि संचालन अधिवक्ता विनीता मिश्रा और पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद संगठन की ओर से सभी विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र, पौधा, शॉल और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान महिलाओं के योगदान और उनके अधिकारों को लेकर विशेष चर्चा भी की गई।

कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश साह, आदित्यपुर नगर निगम की उप आयुक्त पारुल सिंह, न्यायिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि, एमएस प्रतियोगिता में लगातार जीत दर्ज करने वाली श्रेया अधर, सदर अस्पताल की ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. प्रीति पांडे, दंत चिकित्सक जसवीर कौर, अधिवक्ता और प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़ी महिला पत्रकारों ने महिला दिवस के महत्व पर अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने समाज में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

इस मौके पर समाजहित में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए फातिमा शाहीन, गीता सिंह, मनजीत कौर, बी. लक्ष्मी, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, रवि, पुष्पराज और सामाजिक संस्था समर्पण की टीम को प्रशस्ति पत्र और पौधा देकर सम्मानित किया गया।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में अर्चना सिंह ने संगठन द्वारा किए जा रहे सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी दी और कहा कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन लगातार प्रयासरत है। वहीं संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश साह ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने और समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में पूनम देवी, बबली, रितु कौर, ममता भूमिज, महावीर साहू सहित संगठन के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Post