Breaking
Mon. Mar 9th, 2026

संत गुरु रविदास जयंती पर शोभायात्रा निकाल रविदास समाज ने दिखाया शक्ति प्रदर्शन, यूजीसी के समर्थन की कही बात

जमशेदपुर। साकची आमबगान से रविवार को जमशेदपुर रविदास समाज की ओर से संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के माध्यम से समाज के लोगों ने एकजुटता और सामाजिक शक्ति का प्रदर्शन करते हुए यूजीसी के प्रति अपना समर्थन भी व्यक्त किया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए और संत गुरु रविदास तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।

रैली के दौरान गोलमुरी निवासी एवं रविदास समाज के नेता विजय कुमार ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने समाज में समानता, भाईचारा और सामाजिक न्याय का संदेश दिया था। उनके बताए रास्ते पर चलकर समाज को आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि समाज का उद्देश्य आपसी एकता को मजबूत करना, संविधान के प्रति आस्था बनाए रखना, शिक्षा को बढ़ावा देना और सामाजिक न्याय के लिए संगठित होकर संघर्ष करना है।

रविदास महोत्सव सह पारिवारिक मिलन समारोह 2026 के अवसर पर निकाली गई यह शोभायात्रा दोपहर करीब दो बजे साकची आमबगान मैदान से शुरू हुई। शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए जिला उपायुक्त कार्यालय तक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। इसके बाद शाम को टाटा स्टील फाउंडेशन के ट्राइबल कल्चर सोसाइटी परिसर में दीप प्रज्वलन, अतिथि स्वागत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के प्रमुख लोगों ने संत गुरु रविदास और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों पर प्रकाश डाला।

आयोजन के दौरान संत लाल रवि, विजय कुमार, सत्यनारायण दास, शीला चढ़ प्रसाद, जितेंद्र कुमार, मनोज कुमार दास (अधिवक्ता), गौतम रविदास, नीलम दास, कन्हैया शास, राजकुमार दास, दीपक दास, जगदीश लाल, गणेश दास, कमला देवी, मुकेश दास, अमित कुमार प्रसाद, बवतू दास, नकुल दास और सोनू सहित रविदास समाज के कई सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में शामिल लोगों के लिए भंडारा की भी व्यवस्था की गई थी।

आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन से समाज में एकता और जागरूकता बढ़ती है तथा नई पीढ़ी को संत गुरु रविदास और बाबा साहेब के आदर्शों से प्रेरणा मिलती है।

Related Post