बोकारो। शहर के व्यस्त सिटी सेंटर स्थित तनिष्क ज्वेलर्स शोरूम में हथियार के बल पर लूट के प्रयास के सनसनीखेज मामले का बोकारो पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने देश के अलग-अलग राज्यों में छिपे दो आरोपियों को गुजरात के सूरत और कर्नाटक के बेंगलुरु से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर बोकारो लाया है। गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक अपाची मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। जानकारी के अनुसार 11 जनवरी 2026 को सेक्टर-4 थाना क्षेत्र के सिटी सेंटर स्थित तनिष्क ज्वेलर्स शोरूम में अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर लूट की घटना को अंजाम देने का प्रयास किया था। घटना के बाद सेक्टर-4 थाना में कांड संख्या 02/26, दिनांक 12 जनवरी 2026 के तहत धारा 310(2)/312/331(3)/205/111/336(3) बीएनएस के अंतर्गत अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मानवीय एवं तकनीकी सूचनाओं के आधार पर लगातार छापेमारी और अनुसंधान करते हुए 2 मार्च 2026 को कांड में शामिल दो अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपियों में शुभम कुमार (उम्र लगभग 22 वर्ष), पिता राम पुर्ती सिंह, ग्राम चेरिया बरियारपुर, थाना चेरिया बरियारपुर, जिला बेगूसराय को सूरत (गुजरात) से तथा पंकज कुमार (उम्र लगभग 26 वर्ष), पिता दिनेश सिंह, ग्राम चेरिया बरियारपुर, थाना चेरिया बरियारपुर, जिला बेगूसराय को बेंगलुरु (कर्नाटक) से गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बोकारो सिटी सेंटर स्थित तनिष्क ज्वेलर्स शोरूम में लूट के प्रयास में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक अपाची मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शुभम कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ चेरिया बरियारपुर थाना कांड संख्या 90/2024, कांड संख्या 180/2025, रतनपुर थाना कांड संख्या 53/2024 तथा मुंगेर थाना कांड संख्या 30/2025 में विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं। वहीं पंकज कुमार का नाम भी चेरिया बरियारपुर थाना कांड संख्या 180/2025 और मुंगेर थाना कांड संख्या 30/2025 में दर्ज है। इस कांड में संलिप्त दो अन्य अपराधी प्रिंस कुमार और समशाद को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। पूरे मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी में नगर पुलिस उपाधीक्षक आलोक रंजन के नेतृत्व में सेक्टर-4 थाना प्रभारी संजय कुमार, मुन्ना रमानी, कुमार विक्रम सिंह, अवेन्द्र कुमार साव, मंटु कुमार, विक्रम कुमार समेत तकनीकी शाखा और अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

