Breaking
Sun. Mar 1st, 2026

एमजीएम थाना क्षेत्र के गाजाडीह में अग्निकांड, मजदूर परिवार का आशियाना और जमा पूंजी स्वाहा

जमशेदपुर। एमजीएम थाना के गाजाडीह इलाके में रविवार दोपहर एक भीषण अग्निकांड ने गरीब मजदूर परिवार को बेघर कर दिया। पीड़ित भुनेश्वर प्रसाद के एस्बेस्टस निर्मित मकान में अचानक आग लग गई, जिससे घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना के समय भुनेश्वर प्रसाद और उनकी पत्नी लक्की प्रसाद मजदूरी करने बाहर गए हुए थे, जबकि घर में उनकी बेटी अकेली थी।

बेटी ने बताया कि वह दूसरे कमरे में काम कर रही थी, तभी अचानक उसे आग की लपटें दिखाई दीं। आग किस कारण से लगी, इसका उसे पता नहीं चल पाया। कुछ ही देर में धुआं और लपटें पूरे घर में फैल गईं। जान बचाने के लिए वह तुरंत बाहर निकली और जोर-जोर से चिल्लाकर मोहल्ले के लोगों को बुलाया।

उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी, लेकिन गली संकरी होने के कारण अग्निशमन वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका। इसके बाद स्थानीय लोगों ने लगभग दो घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया, किंतु तब तक काफी देर हो चुकी थी।

अग्निकांड में घर में रखा टीवी, कपड़े, बर्तन, आवश्यक कागजात तथा बहन की शादी के लिए रखा सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। घर में रखी नकद राशि भी आग की भेंट चढ़ गई। पीड़ित वीरेंद्र कुमार ने बताया कि इस घटना में लगभग एक से दो लाख रुपये तक की क्षति हुई है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related Post