Breaking
Sun. Mar 1st, 2026

सैलून संचालक ने दुकान में लगाई फांसी, पारिवारिक विवाद से थे तनाव में**

जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबूडीह शंकर नगर रोड नंबर-1 निवासी मिथिलेश ठाकुर (39) ने शनिवार देर शाम अपनी दुकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह कानूभट्ठा इलाके में सैलून चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।

परिजनों के अनुसार, शनिवार रात तक जब मिथिलेश घर नहीं लौटे तो परिवार के लोग चिंतित हो गए। काफी देर तक इंतजार करने के बाद वे उनकी दुकान पर पहुंचे। दुकान अंदर से बंद थी। किसी तरह दरवाजा खोला गया तो अंदर का दृश्य देख परिजनों के होश उड़ गए। मिथिलेश फंदे से लटके हुए थे। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। रविवार को पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि किसी बात को लेकर परिवार में विवाद हुआ था, जिसके बाद से मिथिलेश मानसिक तनाव में थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सके।

Related Post