Breaking
Sun. Mar 1st, 2026

हाथी हमले से प्रभावित परिवारों को मुआवजा राशि प्रदान*

चाईबासा: जगन्नाथपुर के विधायक सोनाराम सिंकू ने वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत सारंडा वन प्रमंडल, चाईबासा के सांसगदा वन क्षेत्र में हाथी के हमले से प्रभावित परिवारों को मुआवजा राशि प्रदान की।

हाथी के हमले में मृत व्यक्ति की परिजन सलोमी पूर्ति को 4 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि दी गई। वहीं सोमवारी सुरीन को हाथी के हमले में घायल होने पर 1.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

इस मौके पर सांसगदा वन क्षेत्र पदाधिकारी शंकर भगत, वनरक्षी सावन कुमार, बासुदेव बिरुवा सहित विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

विधायक सोनाराम सिंकू ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में त्वरित कार्रवाई और शीघ्र मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करने को कहा।

वन क्षेत्र पदाधिकारी शंकर भगत ने बताया कि विभाग ऐसी घटनाओं को लेकर गंभीर और संवेदनशील है। प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम के लिए सतत निगरानी, जागरूकता कार्यक्रम और आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग झारखंड सरकार आमजन की सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Post