चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले में रांची-चाईबासा मुख्य मार्ग एनएच-75 ई पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना बंदगांव थाना क्षेत्र के टोकाद मैदान के समीप मारुति कार और ऑटो के बीच आमने-सामने की टक्कर में हुई।
मृतका की पहचान रोड़ो गांव निवासी 50 वर्षीय कुदन पुर्ती के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि सभी लोग ऑटो से बंदगांव के इंजिया गांव एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब वे अपने घर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही एक मारुति कार ने टोकाद मैदान के पास उनके ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में सवार सभी लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बंदगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद कुदन पुर्ती को मृत घोषित कर दिया।
घायलों में अगाथा पुर्ती, क्रिसेंसिया पुर्ती, रंजीत पुर्ती, इलियस पुर्ती, रोशनी लागूरी, बिमल पुर्ती, पूरन पुर्ती, जोसेफ पुर्ती और सुड़ालेन पुर्ती शामिल हैं। इनमें से पांच का इलाज बंदगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है, जबकि चार घायलों को बेहतर इलाज के लिए खूंटी सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
चिकित्सकों के अनुसार सभी नौ घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

