Breaking
Sat. Feb 28th, 2026

टाटा फाउंडेशन डे और होली को लेकर 3 व 5 मार्च को जमशेदपुर में भारी वाहनों की नो-एंट्री

जमशेदपुर। टाटा फाउंडेशन डे और होली पर्व के मद्देनजर जिला प्रशासन ने शहर में 3 मार्च से 5 मार्च के बीच भारी वाहनों के प्रवेश पर आंशिक पाबंदी लगाने का निर्णय लिया है। प्रशासन द्वारा जारी संयुक्त आदेश के अनुसार 3 मार्च को दोपहर 3 बजे से रात 12 बजे तक शहर की सीमा के भीतर सभी प्रकार के भारी वाहनों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं 5 मार्च को इसी समयावधि में भारी वाहनों के साथ-साथ सभी व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लागू रहेगी।

प्रशासन का कहना है कि इन तिथियों पर शहर में विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों के कारण सड़कों पर आम नागरिकों की भीड़ अधिक रहेगी। ऐसे में बड़े वाहनों की आवाजाही से दुर्घटना और जाम की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। आदेश के पालन के लिए शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

हालांकि यात्री बसों के परिचालन पर कोई रोक नहीं रहेगी। एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं को भी प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है। जिला प्रशासन ने बाहरी क्षेत्रों से आने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने तथा नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

Related Post