Breaking
Wed. Mar 25th, 2026

*ईचकिंग हातु में ग्राम सभा संपन्न, विकास और सामाजिक सुधार के लिए लिए गए कई अहम निर्णय* 

चाईबासा: सदर प्रखंड अंतर्गत ईचकिंग हातु चबूतरा में शनिवार, 28 फरवरी 2026 को विभिन्न सामाजिक और विकास संबंधी मुद्दों को लेकर ग्राम सभा की बैठक सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हातु दियुरी अर्जुन बानरा ने की, जबकि संचालन सामाजिक कार्यकर्ता साधु हो ने किया।

ग्राम सभा में गांव के समग्र विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

ईचकिंग हातु के विकास के लिए एक स्थानीय कमेटी का गठन किया गया। तय किया गया कि हर महीने प्रत्येक परिवार से निर्धारित राशि एकत्रित कर विकास कार्यों में खर्च की जाएगी।

गांव में दिनभर बहते पानी की बर्बादी को रोकने के लिए जलसहिया को सूचित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही प्लास्टिक और अन्य आधुनिक कचरे से गांव को प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से जन-जागरूकता और साफ-सफाई अभियान चलाने की सहमति बनी।

ग्राम सभा में बाहरी प्रभाव से गलत गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अनजान व्यक्तियों पर निगरानी रखने और बाहरी व्यापारियों के प्रवेश को वर्जित करने का निर्णय लिया गया। बिजली समस्या को देखते हुए ट्रांसफार्मर की मरम्मत या नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए जल्द ही आवेदन तैयार कर बिजली विभाग को सौंपा जाएगा।

सांगाजाटा से ईचकिंग, चोमकोडिया और किरी गांव तक मुख्य सड़क की मरम्मत के लिए सड़क निर्माण विभाग को आवेदन देने का निर्णय लिया गया। केशारी तालाब में स्नान घाट निर्माण के लिए मुखिया को आवेदन दिया जाएगा। साथ ही ईचकिंग हातु के बाहर मुख्य सड़क मार्ग के दोनों किनारों पर साइन बोर्ड लगाने पर भी सहमति बनी।

गांव से हो रहे युवाओं के पलायन को रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के उपायों पर भी चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रत्येक महीने के पहले रविवार को नियमित रूप से ग्राम सभा आयोजित की जाएगी।

बैठक में नाईकी बानरा, गुरु चरण बानरा, चोकरो कुंटिया, सतशिला बिरुवा, जयलक्ष्मी बानरा, हरिचरण बानरा, प्लेयर गागराई, गोमा गोप, जयश्री सावैंया, मिचराय बानरा, दुकिया गोप, सुखमति बानरा, मोटाय बानरा सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।

Related Post