ओडिशा। जगतसिंहपुर जिले के पारादीप शहर से सटे तारिणी गड़ा इलाके में एक युवती की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि युवती के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और उसके बाद उसे चार मंजिला इमारत की छत से धक्का देकर मार डाला गया। घटना ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक अंकित वर्मा ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें अभयचंदपुर थाना क्षेत्र के ढिंकिया गांव निवासी 31 वर्षीय सोमनाथ ओझा और झारखंड के 24 वर्षीय शुभम कुमार सिंह शामिल हैं। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने उन्हें 23 फरवरी को हिरासत में लिया था और 27 फरवरी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जांच के दौरान सामने आया कि मृत युवती का सोमनाथ ओझा के साथ लंबे समय से संबंध था। 22 फरवरी को वह अपने घर से यह कहकर निकली थी कि वह सरला मंदिर जा रही है, लेकिन वह सीधे सोमनाथ से मिलने पहुंची। वहां उसने शादी को लेकर दबाव बनाया, जिसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि सोमनाथ ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में उसे रहमा बाजार इलाके में असहाय छोड़कर चला गया।
इसी दौरान शुभम कुमार सिंह युवती के संपर्क में आया। पुलिस के अनुसार उसने मदद का झांसा देकर युवती को अपनी बाइक पर बैठाया और पारादीप ले गया। वहां रात के दौरान उसने कथित तौर पर कई बार दुष्कर्म किया और बाद में उसे एक चार मंजिला इमारत की छत से नीचे धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। 23 फरवरी की सुबह स्थानीय लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। नवीन पटनायक ने इस जघन्य अपराध की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाएं और नाबालिग लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से महिला सुरक्षा को लेकर ठोस और प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

