Breaking
Fri. Feb 27th, 2026

कड़ी सुरक्षा में जुगसलाई, मानगो और चाकुलिया की मतगणना शुरू, परिणामों को लेकर बढ़ी प्रत्याशियों की धड़कनें

जमशेदपुर। परसूडीह स्थित ब्लॉक सह अंचल कार्यालय में शुक्रवार को जुगसलाई नगर परिषद, मानगो नगर निगम और चाकुलिया नगर पंचायत के मतों की गिनती कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। सुबह से ही मतगणना केंद्र के बाहर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की हलचल देखी गई। मतगणना शुरू होते ही प्रत्याशियों की धड़कनें तेज हो गई हैं और सभी की निगाहें परिणामों पर टिकी हुई हैं।

प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मतगणना स्थल पर सिटी एसपी कुमार शिवा आशीष सहित अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं। केंद्र के भीतर और बाहर पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि मतगणना शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।

मिली जानकारी के अनुसार चाकुलिया नगर पंचायत की मतगणना दो राउंड में, जुगसलाई नगर परिषद की तीन राउंड में और मानगो नगर निगम की चार राउंड में पूरी की जाएगी। इस बार मतदान बैलट पेपर के माध्यम से हुआ है, जिसके कारण मतगणना की प्रक्रिया अपेक्षाकृत धीमी है। फिलहाल सभी मतपत्रों का बंडल तैयार किया जा रहा है, जिसके बाद विधिवत गिनती का कार्य शुरू होगा।

जुगसलाई नगर परिषद के 22 वार्डों के लिए हुए मतदान में कुल 26,367 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। चाकुलिया नगर पंचायत के 12 वार्डों में 9,179 मत पड़े हैं, जबकि मानगो नगर निगम के 36 वार्डों के लिए 99,857 मतदाताओं ने मतदान किया था। इन सभी मतों की गिनती पूरी होने के बाद ही अंतिम परिणाम घोषित किए जाएंगे।

संभावना जताई जा रही है कि मतों की संख्या कम होने के कारण चाकुलिया नगर पंचायत का परिणाम सबसे पहले घोषित किया जाएगा। इसके बाद जुगसलाई नगर परिषद और अंत में सर्वाधिक मतों वाले मानगो नगर निगम का परिणाम सामने आ सकता है। फिलहाल पूरे जिले की नजरें मतगणना केंद्र पर टिकी हुई हैं और सभी को अंतिम नतीजों का इंतजार है।

Related Post