Breaking
Thu. Feb 26th, 2026

चाईबासा में मतगणना को लेकर प्रशासन सतर्क, 800 जवान रहेंगे तैनात

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित चाईबासा महिला कॉलेज परिसर में नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 की मतगणना को लेकर गुरुवार को दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। 27 फरवरी 2026 को प्रस्तावित मतगणना को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त चंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, अपर उपायुक्त प्रवीण केरकेट्टा, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, निर्वाची पदाधिकारी तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को मतगणना प्रक्रिया, सुरक्षा प्रबंध और दायित्वों के संबंध में विस्तार से दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रशासन ने जानकारी दी कि 27 फरवरी को पूर्वाह्न 8 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी। निर्धारित समय से पहले सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत स्ट्रांग रूम खोला जाएगा। मतगणना के लिए प्रवेश व्यवस्था भी सुव्यवस्थित की गई है। 18. चाईबासा नगर परिषद एवं 17. चक्रधरपुर नगर परिषद के अध्यक्ष व वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशियों को महाविद्यालय के मुख्य द्वार से प्रवेश दिया जाएगा, जबकि मतगणना अभिकर्ताओं के लिए मधु बाजार की ओर स्थित द्वार निर्धारित किया गया है।

स्पष्ट किया गया कि बिना अधिकृत पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को मतगणना परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। मतगणना कक्ष में मोबाइल फोन या अन्य किसी प्रकार की सामग्री ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। केवल अधिकृत अभिकर्ताओं को कागज और कलम साथ रखने की अनुमति दी जाएगी।

उपायुक्त चंदन कुमार ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं कर्मियों को निष्पक्षता, पारदर्शिता और सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की शंका या आपात स्थिति में तत्काल वरीय पदाधिकारी को अवगत कराएं, ताकि त्वरित निर्णय लिया जा सके।

पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने कहा कि मतगणना के उपरांत संभावित विजय जुलूस को ध्यान में रखते हुए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पूरे शहर में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 800 पुलिस जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी पुलिस अधिकारी मतगणना प्रक्रिया की समाप्ति तक मुस्तैदी से ड्यूटी पर तैनात रहेंगे।

मतगणना व्यवस्था के तहत 18. चाईबासा नगर परिषद के लिए 20 टेबल और 17. चक्रधरपुर नगर परिषद के लिए 25 टेबल लगाए गए हैं। दोनों नगर परिषद क्षेत्रों में दो-दो राउंड में मतों की गिनती की जाएगी। प्रत्येक टेबल पर एक मतगणना पर्यवेक्षक और दो कर्मी तैनात रहेंगे। दोनों क्षेत्रों के लिए कुल 135 मतगणना कर्मियों की नियुक्ति की गई है।

प्रशासन ने भरोसा जताया है कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न होगी।

Related Post