Breaking
Thu. Feb 26th, 2026

दुमका में सिगरेट लाइटर व ट्रेलर की टक्कर, भीषण आग,खलासी जिंदा जला, दो और झुलसे*

दुमका :* सिगरेट लाइटर गैस लदे ट्रक और ट्रेलर की टक्कर के बाद भीषण आगजनी हो गई। टक्कर लगते ही दोनों ही गाड़ियों में आग लग गई। हादसे में एक खलासी जिंदा जल गया जबकि दो अन्य बुरी तरह से जख्मी हो गए। हादसा बुधवार की रात दुमका रेलवे स्टेशन के करीब रिंग रोड पर हुआ। गैस लाइटर से लदे ट्रक और चिप्स ट्रेलर की टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद गैस लाइटर से लदे ट्रक में भीषण आग लग गई, जो देखते ही देखते तीन गाड़ियों तक फैल गई। आग से निकली लपटों ने चिप्स लदे ट्रेलर को भी अपनी चपेट में ले लिया। इसके अलावा एक अन्य खाली ट्रेलर और एक हाइवा ट्रक में भी आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि चारों गाड़ियां जलकर खाक हो गई। इस घटना में ट्रेलर के खलासी की आग में झुलसकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य झुलसे लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

ट्रक में सिगरेट लाइटर में इस्तेमाल होने वाला गैस लोड था जिसका रासायनिक नाम ब्यूटेन है। ब्यूटेन एक ज्वलनशील हाइड्रोकार्बन गैस है, जो दबाव में तरल रूप में रखी जाती है और बाहर निकलते ही गैस बनकर आसानी से जलती है। इसका इस्तेमाल सिगरेट लाइटर, पोर्टेबल गैस स्टोव आदि में किया जाता है।

मिली जानकारी के अनुसार हादसे में मरने वाला खलासी उमेश कुमार बिहार के बांका का रहने वाला था। वह बांका जिले के सुईया थाना क्षेत्र के दोना पाथर का रहने वाला था। वहीं, घायल संतोष कुमार भी बांका के बेलहर का रहने वाला है। दोनों ड्राइवर खलासी चिप्स लदे ट्रक पर सवार थे। संतोष को बेहतर इलाज के लिए बंगाल के सिउड़ी रेफर किया गया है।

Related Post