चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले में नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जिला मुख्यालय चाईबासा स्थित स्कॉट हिंदी बालिका मध्य विद्यालय में मतगणना कर्मियों के लिए एक विस्तृत प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण सत्र में जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त चंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू तथा चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक एजाज़ अनवर ने विभिन्न कक्षों में चल रहे प्रशिक्षण का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, परियोजना निदेशक-आईटीडीए जयदीप तिग्गा, स्थापना उपसमाहर्ता कुमार हर्ष, जिला शिक्षा अधीक्षक प्रवीण कुमार समेत सभी मास्टर ट्रेनर उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मतगणना कार्य को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि मतगणना प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है, इसलिए प्रत्येक कर्मी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन सुनिश्चित करें।
प्रशिक्षण में जानकारी दी गई कि आगामी 27 फरवरी 2026 को पूर्वाह्न 8 बजे से महिला कॉलेज, चाईबासा में चाईबासा एवं चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्रों में संपन्न मतदान के बाद मतगणना की जाएगी। मतगणना कार्य के लिए पर्यवेक्षकों सहित कुल 168 कर्मियों को, जिनमें रिजर्व कर्मी भी शामिल हैं, प्रतिनियुक्त किया गया है। सभी को उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान मतगणना टेबल पर मत पेटिकाओं को प्रत्याशियों और उनके अभिकर्ताओं की उपस्थिति में प्रदर्शित करने की प्रक्रिया, सील खोलने की विधि, मतपत्रों का पृथक्करण, मतों की सावधानीपूर्वक गिनती, निर्धारित प्रपत्रों का संधारण तथा अन्य आवश्यक औपचारिकताओं के बारे में विस्तार से समझाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मतगणना के दिन निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया सुव्यवस्थित, पारदर्शी और विवाद रहित ढंग से संपन्न हो सके।
प्रशासन ने विश्वास जताया कि समुचित प्रशिक्षण और समन्वय के माध्यम से नगरपालिका निर्वाचन 2026 की मतगणना प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न कराई जाएगी।

