Breaking
Wed. Feb 25th, 2026

ईंट भट्ठे पर निगरानी के दौरान युवक की संदिग्ध मौत, गांव में शोक और दहशत

नीमडीह।सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत नीमडीह थाना क्षेत्र के मुरु गांव स्थित एक ईंट भट्ठे पर निगरानी कर रहे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक के साथ-साथ दहशत का माहौल व्याप्त है।

मृतक की पहचान 41 वर्षीय खितिस चंद्र महतो के रूप में हुई है, जो मुरु गांव के ही निवासी थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को भट्ठे में ईंट पकाने के लिए आग लगाई गई थी। देर शाम भोजन करने के बाद खितिस चंद्र महतो भट्ठे की देखरेख के लिए घर से निकले थे। इसके बाद वे रातभर वापस नहीं लौटे।

बुधवार सुबह काफी समय बीत जाने के बाद जब उनका कोई अता-पता नहीं चला तो परिजनों और ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान भट्ठे के समीप उनका शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं पाए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस प्राकृतिक कारण, जहरीली गैस के प्रभाव, दुर्घटना या अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है, ताकि मौत के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।

Related Post