राँची। राजधानी के लोअर बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत चर्च रोड स्थित फातुल्लाह रोड में मंगलवार देर रात ईद बाजार में दुकान लगाने को लेकर दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कहासुनी और मारपीट के बाद हुई चाकूबाजी की घटना में दो नाबालिग समेत तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम फातुल्लाह रोड इलाके में ईद के अवसर पर अस्थायी दुकान लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। दोनों गुट एक ही स्थान पर दुकान लगाने का दावा कर रहे थे। विवाद बढ़ने पर स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह मामले को शांत कराया। इस दौरान पुलिस को भी सूचना दी गई थी, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि उस समय पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम में ही विवाद की गंभीरता को देखते हुए यदि पुलिस सक्रियता दिखाती तो देर रात दोबारा तनाव की स्थिति उत्पन्न नहीं होती। रात लगभग 11 बजे दोनों पक्षों के युवक फिर आमने-सामने आ गए। पहले तीखी बहस हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। इसी दौरान एक गुट के लोगों ने चाकू निकालकर दूसरे पक्ष के तीन युवकों पर हमला कर दिया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने घायल युवकों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि घायलों में दो नाबालिग हैं, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस देर रात घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल इलाके में एहतियातन पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि किसी तरह की दोबारा अप्रिय घटना न हो। ईद से पहले बाजार क्षेत्र में हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। नागरिकों ने प्रशासन से बाजार क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था और नियमित गश्ती की मांग की है।

