चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में नगर परिषद चुनाव के मतदान के बाद बुधवार रात एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। गैंगखोली इलाके में एक युवक की भुजाली से गला काटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे शहर में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान शीतला मंदिर वार्ड संख्या 7 निवासी राज तांती के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार राज तांती गैंगखोली क्षेत्र में कुछ युवकों के साथ मिलकर धंधा करता था। बताया जा रहा है कि उसने एक युवक से कुछ पैसे उधार लिए थे। बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे उधार की रकम वापस मांगने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान आरोपी ने भुजाली निकालकर राज तांती के गले और पेट पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उसका गला बुरी तरह कट गया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद राज तांती किसी तरह जान बचाकर वहां से भागा और कटे हुए गले को हाथ से दबाए हुए अपने घर शीतला मंदिर क्षेत्र तक पहुंच गया। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण वह घर पहुंचते ही जमीन पर गिर पड़ा। परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृतक के पिता मारतुल तांती ने धर्मेंद्र प्रधान के पुत्र सन्नी प्रधान पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उधार के पैसे को लेकर सन्नी ने पहले मारपीट की और फिर भुजाली से गला काटकर उनके बेटे की हत्या कर दी।
सूचना मिलते ही पोड़ाहाट के डीएसपी कुमार विनोद, चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार समेत पुलिस बल अस्पताल पहुंचा और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की है और आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
इधर, सूत्रों का कहना है कि घटना का संबंध कथित रूप से ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार से भी हो सकता है। चक्रधरपुर में पिछले कुछ दिनों से इसको लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

