चतरा। जिले में कोयला ढुलाई के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। केरेडारी चट्टीबरियातु से कटकमसांडी की ओर कोयला ले जा रही गोदावरी कंपनी की हाइवा ने गिद्धौर थाना क्षेत्र के गांगपुर के समीप एक युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मृतक की पहचान जांगी गांव निवासी सौरभ पांडेय के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। जिला परिषद टंडवा उत्तरी की सदस्य देवंती देवी ने कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कोयला ढुलाई में लगे भारी वाहनों के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं और निर्दोष लोगों की जान जा रही है। उन्होंने कहा कि संबंधित कंपनी पहले भी विभिन्न विवादों में रही है और टेरर फंडिंग जांच से जुड़े मामलों में भी कार्रवाई का सामना कर चुकी है।
देवंती देवी ने जिला प्रशासन से मांग की है कि कोल वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।

