Breaking
Wed. Feb 25th, 2026

डीआईजी कार्यालय के पास बस स्टैंड एजेंट अरुण सिंह को मारी गोली, हालत नाजुक

दुमका।शहर में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब हाई-प्रोफाइल इलाके में स्थित डीआईजी कार्यालय के पास अज्ञात अपराधियों ने बस स्टैंड एजेंट सह अखबार एजेंट अरुण सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अरुण सिंह सुबह डीआईजी आवास के समीप से गुजर रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर पीछे से कई राउंड फायरिंग कर दी। गोली उनकी पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ हालत में उन्हें तत्काल इलाज के लिए दुमका सदर अस्पताल पहुंचाया।

सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत चिंताजनक बताते हुए बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए उन्हें मिशन अस्पताल, दुर्गापुर रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार काफी खून बह जाने के कारण स्थिति नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी। घटनास्थल की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस ने दावा किया है कि सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गौरतलब है कि अरुण सिंह पर यह तीसरा जानलेवा हमला बताया जा रहा है। इससे पहले भी दो बार उन पर हमला हो चुका है, जिनमें एक बार उन्हें गोली लगी थी। लगातार एक ही व्यक्ति को निशाना बनाए जाने से मामला आपसी रंजिश, व्यवसायिक विवाद या किसी बड़ी साजिश से जुड़ा हो सकता है। पुलिस इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।

Related Post