जमशेदपुर। झारखंड सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पेश किए गए बजट पर भाजपा जमशेदपुर महानगर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने इसे दिशाहीन और जनविरोधी बजट करार देते हुए कहा कि यह राज्य के चार करोड़ लोगों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर द्वारा प्रस्तुत बजट में युवाओं, किसानों, महिलाओं और मजदूरों के लिए ठोस पहल का अभाव है। सरकार ने बजट का आकार बढ़ाने का दावा तो किया है, लेकिन पिछले वर्ष आवंटित राशि का कितना उपयोग हुआ, इसका स्पष्ट विवरण नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व के बजटों में घोषित कई योजनाएं धरातल पर नहीं उतर सकीं, जिससे सरकार की कार्यक्षमता पर सवाल उठते हैं।
जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा ने भी बजट को निराशाजनक बताते हुए कहा कि राज्य में बड़ी संख्या में रिक्त पद पड़े हैं, लेकिन रोजगार सृजन या नियुक्तियों के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण और विकास योजनाओं को गति देने के लिए भी बजट में स्पष्ट रोडमैप नजर नहीं आता। भाजपा नेताओं ने कहा कि यह बजट जनआकांक्षाओं को पूरा करने में विफल साबित होगा।

