Breaking
Sun. Apr 12th, 2026

सीतारामडेरा में बीमार बहन और भाई ने एक ही पंखे से लगाई फांसी, तीन दिन बाद चला पता

जमशेदपुर । सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत न्यू लेआउट इलाके में सोमवार को एक बेहद मार्मिक और सनसनीखेज घटना सामने आई। 67 वर्षीय सरस्वती सरकार और उनके भाई बलराम सरदार का शव उनके ही घर में एक ही पंखे से लटका हुआ बरामद किया गया। घटना का खुलासा तब हुआ जब पड़ोसियों को घर से तेज दुर्गंध आने लगी और उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद था, जिसके बाद दंडाधिकारी की उपस्थिति में घर का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। दोनों भाई-बहन के शव पंखे से लटके मिले। पुलिस ने तत्काल शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने करीब तीन से चार दिन पहले फांसी लगाई होगी, क्योंकि शवों से दुर्गंध आनी शुरू हो गई थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, सरस्वती सरकार लंबे समय से ब्लड कैंसर से पीड़ित थीं और इलाज के दौरान मानसिक रूप से काफी तनाव में रहती थीं। उनके भाई बलराम सरदार भी अस्वस्थ चल रहे थे। दोनों अविवाहित थे और एक-दूसरे के सहारे उसी मकान में रहते थे।

पुलिस का मानना है कि बीमारी और मानसिक अवसाद के कारण यह कदम उठाया गया हो सकता है। हालांकि, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घर से मिले साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

इलाके में इस घटना के बाद शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। पड़ोसियों का कहना है कि दोनों शांत स्वभाव के थे और किसी से ज्यादा मेलजोल नहीं रखते थे। फिलहाल पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुटी है।

Related Post