Breaking
Sun. Apr 12th, 2026

नगरपालिका चुनाव में क्रॉस सपोर्ट पर कांग्रेस की सख्ती, अभिजीत सिंह पार्टी से निष्कासित

जमशेदपुर। नगरपालिका चुनाव के दौरान जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में सामने आए क्रॉस सपोर्ट के बयान को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। जिला अध्यक्ष परिविंदर सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि भाजपा प्रत्याशी श्रीमती इंदु देवी के समर्थन में मतदान करने के बयान देने पर

कांग्रेस नेता अभिजीत सिंह को

पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। इसके लिए पूरे मामले की समीक्षा की गई है। इस घटनाक्रम को गंभीर संगठनात्मक उल्लंघन माना गया।

जिला अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव जैसे संवेदनशील समय में विरोधी दल के पक्ष में समर्थन का बयान न केवल पार्टी की आधिकारिक नीति के विरुद्ध है, बल्कि यह कांग्रेस संगठन के साथ खुली अविश्वसनीयता और अनुशासनहीनता को दर्शाता है। पार्टी नेतृत्व ने अभिजीत सिंह की भूमिका को संदिग्ध मानते हुए इसे प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से संगठन विरोधी गतिविधि की श्रेणी में रखा है।

परिविंदर सिंह ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी अपने सिद्धांतों और अनुशासन के साथ कोई समझौता नहीं करेगी। कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण का विस्तृत प्रतिवेदन जिला पर्यवेक्षक के माध्यम से प्रदेश प्रभारी, प्रदेश सह-प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष को भी भेजा जा रहा है, ताकि आवश्यक स्तर पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Related Post