*साहिबगंज:* जिले से बड़ी खबर सामने आई है। नगर थाना क्षेत्र के रसूलपुर दहला स्थित बूथ संख्या–04 पर रविवार की देर शाम नगर निकाय चुनाव ड्यूटी के दौरान एक होमगार्ड जवान की राइफल से अचानक गोली चल गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार मतदान को लेकर पोलिंग पार्टी और सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी तैनात की जा रही थी। इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद एक होमगार्ड जवान राइफल रख रहा था, तभी गलती से गोली चल गई। गोली की आवाज सुनते ही वहां मौजूद कर्मियों और लोगों में करीब दस मिनट तक हड़कंप की स्थिति बनी रही।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता और होमगार्ड कमांडेंट सूरज कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। संबंधित जवान और राइफल को थाना लाया गया है। उसकी जगह दूसरे जवान को ड्यूटी पर तैनात कर दिया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि गोली चलने के कारणों की जांच की जा रही है, फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मतदान प्रक्रिया सामान्य रूप से जारी है।

