रांची। रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता एक बार फिर रंग लाई है। कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन नार्कोस” के तहत आरपीएफ पोस्ट हटिया, फ्लाइंग टीम रांची और क्राइम ब्रांच रांची की संयुक्त टीम ने हटिया रेलवे स्टेशन पर छापेमारी कर भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि स्टेशन परिसर में एक संदिग्ध व्यक्ति मादक पदार्थ के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर प्लेटफॉर्म संख्या-01 पर निगरानी बढ़ाई गई। इसी दौरान एक युवक ग्रे रंग के ट्रॉली बैग और काले पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। जांच के लिए रोककर पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम संदीप कुमार उर्फ चित्रंजन कुमार, उम्र करीब 18 वर्ष, निवासी जिला कैमूर (बिहार) बताया।
बैग की तलाशी लेने पर उसमें से कुल सात पैकेट बरामद हुए, जिनमें लगभग 14 किलोग्राम गांजा रखा हुआ था। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपये आंकी गई है। एएससी आरपीएफ रांची के निर्देश पर डीडी किट से जांच की गई, जिसमें बरामद सामग्री गांजा पाई गई। युवक के पास से एक रेलवे टिकट भी मिला, लेकिन वह गांजा से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उसे और जब्त 14 किलोग्राम गांजा को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए जीआरपी हटिया को सौंप दिया गया। इस मामले में जीआरपी हटिया ने 21 फरवरी 2026 को धारा 20(b)(ii)(B) और 29 एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
इस सफल अभियान में इंस्पेक्टर समीर कर्माकर (क्राइम ब्रांच रांची), एसआई दीपक कुमार (आरपीएफ पोस्ट हटिया), एएसआई अनिल कुमार (फ्लाइंग टीम), एएसआई अभिषेक कुमार (आरपीएफ/सीआईबी), स्टाफ एस.एस. लिंडा और कांस्टेबल अरविंद कुमार यादव की सक्रिय और सराहनीय भूमिका रही।

