Breaking
Thu. Mar 19th, 2026

नगरपालिका चुनाव के लिए गोलमुरी-जुगसलाई डिस्पैच सेंटर से पोलिंग पार्टियां रवाना, निष्पक्ष मतदान पर जोर

जमशेदपुर। नगरपालिका चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं। रविवार को गोलमुरी सह जुगसलाई प्रखंड परिसर स्थित डिस्पैच सेंटर से चाकुलिया नगर पंचायत, जुगसलाई नगर परिषद और मानगो नगर निगम के लिए पोलिंग पार्टियों को मतदान सामग्री के साथ रवाना किया गया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) कर्ण सत्यार्थी ने स्वयं डिस्पैच सेंटर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ईवीएम, वीवीपैट, मतपेटिका, मतदाता सूची, सील, प्रपत्र तथा अन्य चुनावी सामग्रियों के वितरण की प्रक्रिया का निरीक्षण किया और संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

निरीक्षण के दौरान कर्ण सत्यार्थी ने पोलिंग पार्टियों से संवाद स्थापित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया लोकतंत्र की आधारशिला है और इसमें पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सर्वोपरि है। प्रत्येक मतदान केंद्र पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने, मतदाताओं को सुगम एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने तथा दिव्यांग और वृद्ध मतदाताओं की विशेष सुविधा का ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।

डिस्पैच सेंटर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की तैनाती के साथ ही सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई थी, ताकि मतदान सामग्री वितरण में पारदर्शिता बनी रहे। कर्मियों को चरणबद्ध तरीके से काउंटर पर बुलाकर सामग्री उपलब्ध कराई गई, जिससे अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। संवेदनशील एवं अति संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं उड़नदस्ता दल को भी सक्रिय रखा गया है, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई की जा सके।

नगरपालिका चुनाव को लेकर मतदाताओं में भी उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

Related Post