गुमला। जिले के बसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत महाराजगंज के समीप बुधवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। स्कूल जा रहे बच्चों से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस दुर्घटना में नौ वर्षीय छात्रा आकांक्षा कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय अलमा केरकेट्टा गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार गंगड़ा गांव निवासी अजय गोप की पुत्री आकांक्षा कुमारी रोज की तरह अन्य बच्चों के साथ ऑटो से महाराजगंज स्थित मदर अमृता पब्लिक स्कूल जा रही थी। रास्ते में अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे ऑटो असंतुलित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो के नीचे दबने से आकांक्षा और अलमा गंभीर रूप से जख्मी हो गईं।
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बच्चियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसिया पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद आकांक्षा को मृत घोषित कर दिया। वहीं अलमा की नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए उच्च केंद्र रेफर कर दिया गया है। आकांक्षा तीसरी कक्षा की छात्रा थी और पढ़ाई में काफी तेज मानी जाती थी।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में शोक का माहौल है और लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना दे रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

