जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला में बुधवार को राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य लव कुश कुमार की अध्यक्षता में विभागीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुसूचित जाति समुदाय के कल्याण हेतु संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
लव कुश कुमार ने शिक्षा, छात्रवृत्ति, आवास, स्वरोजगार, अत्याचार निवारण, सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ निर्धारित लक्षित समूह तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचे। लाभुकों के चयन में सबसे अधिक जरूरतमंद व्यक्तियों को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया। अत्याचार निवारण से संबंधित लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, शिकायतों के प्रभावी समाधान तथा जमीनी स्तर पर कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों, गरीबों, किसानों, मजदूरों एवं अन्य जरूरतमंद लोगों के हितों की रक्षा तथा उनके मूलभूत अधिकारों के संरक्षण के लिए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को बिना किसी बाधा के समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक सरकारी सेवक का नैतिक दायित्व है। जवाबदेह प्रशासन के माध्यम से ही सरकार की सकारात्मक छवि जनता के बीच स्थापित की जा सकती है।
बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए शत-प्रतिशत बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने, ड्रॉपआउट दर कम करने, जर्जर विद्यालय भवनों की स्थिति सुधारने, शिक्षक-छात्र अनुपात बेहतर करने तथा अभिभावकों की भागीदारी बढ़ाने पर भी बल दिया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत चयनित लाभुकों की सूची का सत्यापन करने, फर्जी मनरेगा जॉब कार्ड पर कार्रवाई करने तथा कृषि, श्रम एवं अन्य संबंधित विभागों को समन्वित रूप से कार्य करते हुए पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता बताई गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्णव मिश्रा, निदेशक एनईपी संतोष गर्ग, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, डीटीओ धनंजय, एडीएम एसओआर राहुल जी आनंद, डीएसपी मुख्यालय सहित अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने आयोग के सदस्य को आश्वस्त किया कि अनुसूचित जाति समुदाय के उत्थान हेतु संचालित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है तथा प्राप्त निर्देशों के आलोक में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

