जमशेदपुर। मंगलवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने एक बयान जारी कर कहा है कि पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता को आमने-सामने बैठकर बहस करने की खुली चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि बन्ना गुप्ता सार्वजनिक रूप से बताएं कि अपने कार्यकाल में उन्होंने क्या विकास कार्य किए, वहीं वह स्वयं एक वर्ष में किए गए कार्यों का विवरण रखने को तैयार हैं। सरयू राय ने आरोप लगाया कि न्यू पुरुलिया रोड पर अवैध निर्माण कराने में बन्ना गुप्ता की भूमिका रही है और कुछ भवनों को संरक्षण दिया गया।
मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट हो गया है कि चुनाव सुधा गुप्ता नहीं, बल्कि “मेयरपति” के रूप में बन्ना गुप्ता लड़ रहे हैं। उन्होंने आचार संहिता का हवाला देते हुए कहा कि एक पूर्व मंत्री द्वारा यह कहना कि जीत के बाद वह सभी काम करवाएंगे, नियमों के अनुरूप है या नहीं, इसकी जांच होनी चाहिए। सरयू राय ने यह भी सवाल उठाया कि पत्नी का पता मानगो में दर्ज कराकर चुनाव लड़ाना और स्वयं कदमा में रहना क्या उचित है।
विधायक ने दावा किया कि एक वर्ष के भीतर उन्होंने विधायक निधि से 138 योजनाएं तथा नगर विकास मद से 84 योजनाएं शुरू कराई हैं। नालों की सफाई, जलनिकासी, ट्रांसफार्मर और स्ट्रीट लाइट जैसे कार्यों के प्रस्ताव सरकार को भेजे गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके कामों का श्रेय लेने और मुस्लिम इलाकों में काम न करने की अफवाह फैलाकर जनता को गुमराह किया जा रहा है।

