Breaking
Mon. Apr 13th, 2026

महुआ के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, पुलिस ने जांच शुरू की

सरायकेला।सरायकेला-खरसावां जिले के सरायकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत शासन गांव में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 20 वर्षीय युवक का शव घर के समीप महुआ के पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान अनिल सिंह मुंडा के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और चर्चा का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अनिल सिंह मुंडा बीती रात करीब 10 बजे घर लौटा था। परिजनों ने बताया कि उसने परिवार के साथ भोजन किया, जिसके बाद सभी लोग सोने चले गए। रात के दौरान किस समय यह घटना घटी, इसकी किसी को भनक तक नहीं लगी। सुबह जब घर के बाहर महुआ के पेड़ से उसका शव लटका देखा गया, तो परिवार में कोहराम मच गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार अनिल अपने दो भाइयों के साथ शासन गांव में किराए के मकान में रह रहा था। प्रारंभिक तौर पर मामला गमछे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि घटना के स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। परिजन गहरे सदमे में हैं और किसी प्रकार की आशंका व्यक्त करने की स्थिति में नहीं हैं।

सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Post