Breaking
Sun. Feb 15th, 2026

शादी से लौट रहे देवघर के दो लोगों की दर्दनाक मौत, जमुई में पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार

देवघर/जमुई। झारखंड के देवघर जिले से सटे बिहार के जमुई जिले में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में देवघर के एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना देवघर-चकाई मुख्य पथ पर मोहनपुर गांव स्थित ‘अपना ढाबा’ के समीप करीब आठ बजे हुई, जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

मृतकों की पहचान देवघर नगर थाना क्षेत्र के कृष्णापुरी मोहल्ला निवासी 58 वर्षीय कृष नंदन सिंह और 45 वर्षीय रिंकू देवी (पति ललन सिंह) के रूप में हुई है। दोनों एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। बताया गया कि वे बिहार के जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत धदौर गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर देवघर लौट रहे थे। परिवार के अन्य सदस्य अलग वाहन से लौट रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी। मोड़ के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे पेड़ से टकरा गई। टक्कर के बाद जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह दब गया था और अंदर फंसे दोनों लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सीट और डैशबोर्ड के हिस्से सड़क पर बिखर गए थे, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

घटना की सूचना मिलते ही चंद्रमंडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल देवघर सदर अस्पताल भिजवाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।

हादसे की खबर मिलते ही कृष्णापुरी मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी की खुशियां कुछ ही घंटों में मातम में बदल गईं। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंपने की तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हादसे के समय कार कौन चला रहा था और वाहन की तकनीकी स्थिति क्या थी।

Related Post