Breaking
Sun. Feb 15th, 2026

महाशिवरात्रि पर श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में गूंजा रुद्राष्टकम, खुशवंत बने प्रथम

जमशेदपुर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर केबुल टाउन स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में रविवार को भक्ति और श्रद्धा से ओतप्रोत वातावरण के बीच रुद्राष्टकम सस्वर पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मंदिर प्रांगण में आयोजित इस आध्यात्मिक प्रतियोगिता में बच्चों और युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और शिवभक्ति से सराबोर प्रस्तुति दी।

प्रतियोगिता में खुशवंत ने उत्कृष्ट उच्चारण और भावपूर्ण प्रस्तुति के बल पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। आदित्य राज दूसरे तथा शिवांश लाल तीसरे स्थान पर रहे। विजेताओं के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक एवं श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर जीर्णोद्धार समिति के संयोजक सरयू राय ने सम्मानित किया। सभी प्रतिभागियों को अर्द्धनारीश्वर की आकर्षक तस्वीर, प्रशस्ति पत्र और 501 रुपये की नकद राशि प्रदान की गई।

इस अवसर पर विधायक सरयू राय ने कहा कि सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार में रुद्राष्टकम की विशेष महत्ता है। उन्होंने कहा कि रामचरितमानस के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास के आराध्य भगवान श्रीराम थे और श्रीराम के आराध्य भगवान शिव रहे हैं। इस दृष्टि से रुद्राष्टकम आराध्य के भी आराध्य की स्तुति है। उन्होंने बताया कि रुद्राष्टकम में आठ श्लोक हैं और प्रत्येक सनातनी को प्रतिदिन इसका पाठ करना चाहिए। यदि सभी श्लोकों का पाठ संभव न हो तो एक या दो श्लोक अवश्य पढ़ना चाहिए, इससे आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार होता है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में आशुतोष राय, साकेत गौतम, असीम पाठक, ब्रजेश सिंह उर्फ मुन्ना सिंह, कुणाल कुमार, राहुल कुमार, विकास कुमार, अमित चौधरी और समरेश कुमार सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर शिवभक्ति के स्वर से गूंजता रहा और उपस्थित श्रद्धालुओं ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

Related Post