Breaking
Sat. Feb 14th, 2026

कोडरमा में अवैध हथियार तस्कर गिरफ्तार, सरकारी स्कूल में छिपाकर रखे थे देसी करबाइन और राइफल

कोडरमा। जिले में अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री में संलिप्त गिरोह के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोडरमा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सतगावां थाना क्षेत्र के कटैया पंचायत अंतर्गत गजहड टोला में छापेमारी कर एक शातिर हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी रामेश्वर प्रसाद उर्फ राकेश साव बिहार के जहानाबाद जिले के काको ओपी क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले कुछ दिनों से सतगावां क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थिति में घूमता देखा जा रहा था। स्थानीय लोगों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने गुप्त निगरानी शुरू की और पुख्ता जानकारी मिलने के बाद गजहड टोला स्थित एक प्राथमिक सरकारी विद्यालय में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आरोपी को विद्यालय परिसर से दबोच लिया गया। तलाशी के क्रम में स्कूल की सीढ़ियों के नीचे बोरे में छिपाकर रखे गए दो देसी करबाइन, दो देसी राइफल, पांच जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

जांच में सामने आया है कि आरोपी पूर्व में भी आर्म्स एक्ट के मामले में जहानाबाद से जेल जा चुका है। उस पर देशविरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने का आरोप भी रहा है। पुलिस को आशंका है कि वह किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है और झारखंड-बिहार सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध हथियारों की आपूर्ति की साजिश रच रहा था।

प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने खुलासा किया है कि वह बिहार के नालंदा जिले के कौशल नामक व्यक्ति के साथ मिलकर पुराने और अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री करता था। फिलहाल वह पहचान छिपाकर गजहड टोला के सरकारी स्कूल में रह रहा था और यहीं से संपर्क साधकर हथियारों की सप्लाई की तैयारी में था। पुलिस उसके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाल रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचा जा सके।

मामले की जानकारी देते हुए कोडरमा के पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने बताया कि बरामद हथियारों के स्रोत और संभावित खरीदारों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी संगठित आपराधिक या उग्रवादी नेटवर्क से जुड़ा तो नहीं है। पुलिस जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान तेज करेगी।

फिलहाल आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुटी हुई है।

Related Post