Breaking
Fri. Feb 13th, 2026

कदमा शास्त्रीनगर के बाबा जटाधारी शिव हनुमान मंदिर में भक्ति, परंपरा और आस्था का होगा महासंगम, 15 फरवरी को निकाली जाएगी भव्य शिव बारात, 14 को हरिनाम संकीर्तन का होगा शुभारंभ

जमशेदपुर। कदमा शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर 2 स्थित बाबा जटाधारी शिव हनुमान मंदिर में वर्ष 2026 के वार्षिक धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर मंदिर समिति की ओर से प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी दी गई। शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि मंदिर की स्थापना वर्ष 1979 में पावन रामनवमी के अवसर पर की गई थी और तब से प्रत्येक वर्ष भव्य अखाड़ा एवं धार्मिक आयोजन यहां की परंपरा का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। समिति के अध्यक्ष उमेश कुमार सिंह ने बताय कि 24 नवंबर 2012 को पुरी के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी के करकमलों द्वारा मंदिर का जीर्णोद्धार एवं स्थापित शिवलिंग का पुनः प्राणप्रतिष्ठा संपन्न हुआ था, जिससे मंदिर की आध्यात्मिक गरिमा और अधिक मजबूत हुई।

वहीं, समिति के महासचिव सुधांशु ओझा ने बताया कि वर्ष 2007 से रुद्राभिषेक के उपरांत भव्य शिव बारात का आयोजन परंपरागत रूप से किया जा रहा है। इस आयोजन में हजारों की संख्या में महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चे शामिल होते हैं। आकर्षक झांकियां, पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-नगाड़ों की गूंज, भक्ति गीतों की स्वर लहरियां और रंग-बिरंगी सजावट पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर करती है। इस वर्ष भी यह आयोजन पूरे सनातन रीति रिवाज और परंपरा के साथ आयोजित की जाएगी।

प्रेस वार्ता में वर्ष 2026 के लिए निर्धारित कार्यक्रमों की घोषणा करते हुए बताया गया कि आगामी 14 फरवरी 2026 (शनिवार), प्रातः 11 बजे से अखंड हरिनाम संकीर्तन का शुभारंभ होगा।

15 फरवरी 2026 (रविवार), दोपहर 3 बजे कीर्तन की पूर्णाहुति के साथ समाज के सम्मानित अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा।

15 फरवरी को पवित्र महाशिवरात्रि के अवसर पर रुद्राभिषेक होगा एवं शाम 4:30 बजे से शिव-पार्वती की भव्य शिव बारात निकाली जाएगी, जिसमें आकर्षक झांकियां एवं भक्ति संगीत की प्रस्तुति रहेगी। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद एवं भोग वितरण किया जाएगा।

बाबा जटाधारी शिव हनुमान मंदिर समिति ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने की अपील की है।

प्रेव वार्ता में समिति के अध्यक्ष उमेश सिंह, महासचिव सुधांशु ओझा, शेषनाथ पाठक, मनोज कुमार सिंह, अशोक कुमार दुबे, रौशन कुमार, संदीप पांडेय, शशिभूषण, प्रमोद सिंह, दीपक वशिष्ठ, शैलेश कुमार सिंह समेत कई अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Related Post