Breaking
Fri. Feb 13th, 2026

अवैध पार्किंग और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ नगर परिषद की सख्त कार्रवाई, 7,500 रुपये का दंड वसूला

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में नगर परिषद द्वारा अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। शहर को स्वच्छ और अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई शुक्रवार को की गई।

अभियान का नेतृत्व नगर परिषद चाईबासा की प्रशासक संतोषिनी मुर्मू ने किया। उनके साथ नगर प्रबंधक लोकेश सिंह और राजस्व पदाधिकारियों की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न बाजार क्षेत्रों में दुकानों की जांच की। इस दौरान कई दुकानों से प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया गया।

टीम ने बस स्टैंड और जेल गेट के आसपास अवैध रूप से खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई की। सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण कर दुकान लगाने वाले व्यवसायियों को सख्त चेतावनी दी गई तथा मौके पर ही दंड वसूला गया। छापेमारी अभियान के दौरान कुल 7,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

प्रशासक संतोषिनी मुर्मू ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए बेहद हानिकारक है और सरकार के निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना ट्रेड लाइसेंस के व्यवसाय करने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा और शहर को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नियमित अभियान चलाया जाएगा।

Related Post