Breaking
Fri. Feb 13th, 2026

टिनप्लेट मैदान हत्याकांड का खुलासा, चार शूटर गिरफ्तार

जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित टिनप्लेट मैदान में 11 फरवरी 2026 को दिनदहाड़े हुई कन्हैया यादव की हत्या मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में गोलमुरी थाना कांड संख्या 18/2026, दिनांक 11.02.2026, धारा 103(1)/61/3(5) बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार 11 फरवरी को लगभग 11:25 बजे टिनप्लेट मैदान में कन्हैया यादव पर अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली चला दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल कन्हैया यादव को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मृतक की पत्नी कुसुम देवी, निवासी नामदा बस्ती, थाना गोलमुरी के लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज किया गया।

शुक्रवार को एसएसपी पीयूष पांडेय ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक नगर सुधीर चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित और सघन छापेमारी करते हुए मामले में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सुमित कुमार सिंह (24 वर्ष), निवासी नामदा बस्ती; गुरप्रीत सिंह उर्फ राज उर्फ लोले (24 वर्ष), निवासी आनंद नगर, नामदा बस्ती; अमरीक सिंह उर्फ विक्की सिंह उर्फ खेबंडा (26 वर्ष), निवासी ओल्ड केबल टाउन; तथा रजा आलम (24 वर्ष), निवासी सबीना कॉलोनी-2 शामिल हैं। सभी आरोपी गोलमुरी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो देशी कंट्रीमेड पिस्टल, सात खोखा और तीन पिलेट बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस कांड में अन्य अपराधियों की भी संलिप्तता सामने आई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ आरोपियों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। गुरप्रीत सिंह उर्फ राज उर्फ लोले के खिलाफ टेल्को एवं बर्मामाइंस थानों में लूट और चोरी से संबंधित कई मामले दर्ज हैं। अमरीक सिंह उर्फ विक्की सिंह के विरुद्ध वर्ष 2022 में गोलमुरी थाना में हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। वहीं सुमित कुमार सिंह पर वर्ष 2025 में गोलमुरी थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज हो चुका है।

पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Related Post