Breaking
Thu. Mar 12th, 2026

साकची के जंक्शन रेस्टोरेंट में सुबह लगी आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

जमशेदपुर। साकची थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब साकची गुरुद्वारा के सामने स्थित जंक्शन रेस्टोरेंट के किचन में अचानक आग लग गई। सुबह करीब 9 बजे उठते धुएं को देख रेस्टोरेंट के कर्मचारियों और आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग किचन में गैस चूल्हे के समीप लगी। बताया जा रहा है कि नाश्ते की तैयारी के दौरान गैस पाइपलाइन या चूल्हे से निकली चिंगारी ने आसपास रखे ज्वलनशील सामान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आग तेजी से फैलने लगी। किचन से धुआं निकलता देख कर्मचारियों ने तुरंत रेस्टोरेंट खाली कराया और मुख्य गैस सिलेंडर को सुरक्षित स्थान पर हटाने का प्रयास किया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया, क्योंकि रेस्टोरेंट घनी आबादी और व्यस्त बाजार क्षेत्र में स्थित है।

इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि किचन में रखे कुछ उपकरण, फर्नीचर और खाद्य सामग्री जलकर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। प्रारंभिक आकलन के अनुसार हजारों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।

साकची थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालक और कर्मचारियों से पूछताछ की है। आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को रसोई गैस और विद्युत उपकरणों के उपयोग में सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Related Post