Breaking
Thu. Feb 12th, 2026

नगर पालिका चुनाव को लेकर प्रशासन सतर्क, उपायुक्त ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में आगामी नगर पालिका निर्वाचन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। गुरुवार को उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने जुगसलाई प्रखंड परिसर स्थित एसएफसी गोदाम का स्थल निरीक्षण कर चुनावी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान दलों के लिए बनाए गए डिस्पैच और रिसिविंग काउंटर का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि मतदान कर्मियों की आवाजाही, चुनाव सामग्री का वितरण और प्राप्ति की पूरी प्रक्रिया सुचारू, व्यवस्थित और समयबद्ध ढंग से संपन्न होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्तर पर अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो और सभी व्यवस्थाएं पूर्व नियोजित योजना के अनुरूप संचालित हों।

इसके बाद उपायुक्त ने मतगणना की तैयारियों का भी निरीक्षण किया। प्रस्तावित मतगणना कक्ष और स्ट्रांग रूम का अवलोकन करते हुए उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, सुरक्षा बलों की तैनाती, प्रवेश नियंत्रण व्यवस्था और अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशीलता को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि मतगणना केंद्र पर सुरक्षा और पारदर्शिता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Related Post