रामगढ़ :* रामगढ़ के पतरातू थाना क्षेत्र में बुधवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सरैया टोला निवासी कोयला कारोबारी गजानन प्रसाद के घर को निशाना बनाकर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब 8 से 9 राउंड गोलियां चलाई गईं। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका थर्रा उठा और लोग जान बचाने के लिए घरों में दुबक गए।
ग्रामीणों का कहना है कि अपराधी सियाल सोनदा बस्ती की तरफ से आए थे। वे सीधे गजानन प्रसाद के घर के पास पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर फरार हो गए। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
*सेल संचालक के घर पर भी बरसी गोलियां*
चौंकाने वाली बात यह है कि बदमाशों ने सिर्फ एक घर को निशाना नहीं बनाया। जानकारी के अनुसार, सेल संचालक नीतीश कुमार के आवास पर भी दनादन गोलियां चलाई गईं। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने छोटे और बड़े दोनों तरह के हथियारों का इस्तेमाल किया।इसके अलावा सोनदा बस्ती के मुख्य चौक और एक दुकान के पास भी फायरिंग की गई। इससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। लोग रातभर सहमे रहे।
*सड़क पर बिखरे मिले खोखे, पुलिस ने घेरा इलाका*
घटना के बाद जब लोग बाहर निकले तो सड़क पर गोलियों के कई खोखे बिखरे मिले। सूचना मिलते ही पतरातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया। पुलिस ने कई खोखे बरामद कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
*एसडीपीओ मौके पर पहुंचे, बढ़ी गश्त*
गोलीबारी की खबर मिलते ही एसडीपीओ गौरव गोस्वामी और थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
रंगदारी, गैंगवार या डराने की साजिश
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतनी बड़ी वारदात के पीछे वजह क्या है। क्या यह रंगदारी का मामला है, गैंगवार है या फिर किसी को डराने की साजिश?
पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान की कोशिश की जा रही है। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है और लोग खुलकर कुछ बोलने से बच रहे हैं।
पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

