जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के परसुडीह थाना क्षेत्र में तड़ीपार घोषित कुख्यात अपराधकर्मी सुमित कुमार सिंह उर्फ लम्बू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह सरकारी आदेश की अवहेलना करते हुए क्षेत्र में सक्रिय था और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था। उसकी गिरफ्तारी के बाद इलाके में फैले भय के माहौल पर पुलिस ने नियंत्रण पाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 फरवरी 2026 को पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर को सूचना मिली कि परसुडीह थाना क्षेत्र का तड़ीपार अपराधी सुमित कुमार सिंह उर्फ लम्बू, उम्र लगभग 26 वर्ष, पिता स्वर्गीय राजकिशोर सिंह, निवासी बारीगोड़ा कृति मैदान, थाना परसुडीह, गोविन्दपुर क्षेत्र में भ्रमणशील है। सूचना थी कि वह किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना में है, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
सूचना का सत्यापन करते हुए पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) तौकिर आलम के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परसुडीह थाना क्षेत्र के गोविन्दपुर रेलवे फाटक के पास छापेमारी की, जहां से सुमित कुमार सिंह उर्फ लम्बू को 11 फरवरी 2026 की रात गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद उसके विरुद्ध परसुडीह थाना कांड संख्या 12/26, दिनांक 11/02/2026 के तहत झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम 2002 की धारा 25 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 223(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे 12 फरवरी 2026 को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की।
विदित हो कि उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम द्वारा झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम 2002 की धारा 3(3)(a) के तहत सुमित कुमार सिंह उर्फ लम्बू को 2 फरवरी 2026 से 1 मई 2026 तक के लिए तड़ीपार घोषित किया गया था। इस संबंध में विधिवत नोटिस उसके आवास पर तामील भी कराया गया था, बावजूद इसके वह क्षेत्र में सक्रिय पाया गया।
सुमित का आपराधिक इतिहास भी लंबा रहा है। उसके विरुद्ध परसुडीह थाना में वर्ष 2021 से 2025 के बीच आर्म्स एक्ट, मारपीट, रंगदारी, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट के तहत मामला, रंगदारी व धमकी से जुड़े प्रकरण तथा हत्या के प्रयास से संबंधित कांड शामिल हैं।
इस छापामारी अभियान में पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) तौकिर आलम के साथ परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अरुण कुमार, हीरा लाल तुबिड, सहायक अवर निरीक्षक संदीप कुमार सिंह एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

