रांची।मांडर थाना क्षेत्र के नारो गांव में बीते देर रात घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। खाना न बनने से नाराज़ पति ने बांस के डंडे से हमला कर अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। सूचना मिलते ही मांडर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा। पुलिस ने आरोपी पति चापा महली (45) को गिरफ्तार कर लिया है।
मृत महिला की पहचान मैनु देवी (33) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मंगलवार को टांगर बसली बाजार गया था और देर शाम घर लौटा। घर पहुंचने पर उसे पता चला कि रात का खाना नहीं बना है। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई और दोनों बिना खाना खाए सो गए।
आरोप है कि देर रात करीब दो बजे अचानक नींद खुलने पर गुस्से में आकर चापा महली ने पास में रखे बांस के डंडे से सो रही पत्नी के चेहरे पर लगातार वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी ने मामले को छिपाने की कोशिश करते हुए रांची के जगन्नाथपुर स्थित अपने ससुराल में फोन कर मैनु देवी की गिरने से मौत होने की झूठी सूचना दी। बुधवार सुबह जब मायके पक्ष के लोग नारो गांव पहुंचे तो मैनु देवी के चेहरे पर गहरे चोट के निशान और बिस्तर पर खून फैला देख सच्चाई सामने आई।
इसके बाद आक्रोशित परिजनों ने आरोपी की पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। मृतका के भाई गोपी महली ने मांडर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि शादी के 12 साल बाद भी संतान नहीं होने को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। साथ ही आरोपी पर छोटी-छोटी बातों पर पत्नी के साथ मारपीट करने का आरोप भी लगाया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

