जमशेदपुर: अलहिन्द पब्लिक स्कूल कौशल विकास केंद्र परिसर में मंगलवार को “प्रमाण-पत्र वितरण सह सम्मान समारोह” हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनी महिलाओं को प्रोत्साहित करना तथा उनके प्रयासों को सम्मानित करना था।
समारोह की शुरुआत कक्षा 2 के छात्र मोहम्मद अजहद द्वारा अलहम्द शरीफ के भावपूर्ण पाठ से हुई, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अल-मनार स्कूल की प्रिंसिपल माह रुख फातिमा उपस्थित रहीं। संचालन मिस हिना प्रवीन और मिस मंतशा ने किया, जबकि अतिथियों का स्वागत श्री अब्दुल सत्तार ने किया।
मुख्य अतिथि फातिमा ने केंद्र की सराहना करते हुए कहा कि यहां प्रशिक्षित बेटियां अपने हुनर के बल पर आत्मनिर्भर बन रही हैं और परिवार व समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने संस्था को भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर फैयाज खान ने पिछड़े वर्ग के उत्थान हेतु निरंतर प्रयास की आवश्यकता पर बल दिया, वहीं बहन शीरीन अख्तर ने कहा कि शिक्षा और कौशल का प्रसार किसी भी समाज को प्रगति की राह पर ले जाता है। मेहंदी प्रशिक्षिका शमा प्रवीन ने मेहंदी कला के माध्यम से स्वरोजगार की संभावनाओं को रेखांकित किया।
CITSD की अध्यक्ष शकीला बानो ने संस्था की उपलब्धियों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन का लक्ष्य समाज में सकारात्मक और स्थायी परिवर्तन लाना है। केंद्र से प्रशिक्षित अलफिशा प्रवीन और नाज़ प्रवीन ने टेलरिंग व डिजाइनिंग का प्रशिक्षण लेकर अपना कार्य शुरू कर दिया है, जबकि आसिया प्रवीन और मारवी नाज़ मेहंदी आर्ट के जरिए विवाह समारोहों में ऑर्डर लेकर सम्मानजनक आय अर्जित कर रही हैं।
कार्यक्रम में सचिवीय प्रतिवेदन मिस अकसा सुमेल ने प्रस्तुत किया। समारोह में ट्रस्ट की अध्यक्ष शकीला बानो, सेक्रेटरी मिस अकसा सुमेल, सीनियर शिक्षिका मिस रेहाना खातून, शिक्षिकाएं सीमा प्रवीन, निशा प्रवीन, मंतशा, नाजनीन, अलहिन्द पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल फरजाना यासमीन सहित अनेक गणमान्य अतिथि, अभिभावक एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

