चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुटिनता–डांगूवापोषी मुख्य मार्ग पर कुचिबेड़ा गांव के पास सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गीटी डस्ट से लदे एक हाईवा वाहन में अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। दोपहर करीब 12.30 बजे शुरू हुई यह आग तेज हवा के चलते कुछ ही मिनटों में विकराल रूप लेती चली गई। दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा और हाईवा का केबिन व आगे के दोनों टायर धू-धू कर जलने लगे। टायर ब्लास्ट होने से हालात और गंभीर हो गए, वहीं जलते टायर के टुकड़े सड़क किनारे झाड़ियों में गिरने से खेतों और आसपास के जंगल में आग फैलने का खतरा भी उत्पन्न हो गया।
स्थिति को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली। राहत की बात यह रही कि वाहन आबादी वाले इलाके से कुछ दूरी पर था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही नोवामुंडी थाना की पुलिस टीम सब इंस्पेक्टर पूर्णिमा कुमारी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और यातायात रोककर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा। इसके बाद टाटा स्टील की फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग की चपेट में आकर हाईवा की दोनों बैटरियां पूरी तरह जल गईं, जबकि वाहन में मौजूद सिलेंडर सुरक्षित रहा, जिससे एक और बड़ा हादसा टल गया। चालक की पहचान रोवेंटा गांव निवासी सोमा चाम्पिया के रूप में हुई है, जो टीडीपीएल प्लांट से गीटी डस्ट लोड कर मजगांव जा रहा था। इस पूरी घटना में पुलिस प्रशासन और फायर ब्रिगेड की तत्परता से बड़ा नुकसान होने से बच गया।

